सरगुजा

विद्युत सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें-सीई
30-Sep-2026 8:32 PM
विद्युत सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें-सीई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 30 सितंबर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, अम्बिकापुर द्वारा बुधवार को श्रम कल्याण केंद्र, गांधीनगर में विद्युत अधिकारी-कर्मचारी सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में करीब 150 नियमित, बाह्यस्रोत एवं ठेका कर्मचारी, विशेषकर लाइन स्टाफ और मैदानी कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान विद्युत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन, सुरक्षात्मक उपकरणों के अनिवार्य उपयोग और सुरक्षित कार्य व्यवहार को लेकर कर्मचारियों को जागरूक किया गया।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता एवं मार्गदर्शक मुख्य अभियंता अम्बिकापुर क्षेत्र यशवंत शिलेदार ने कहा कि विद्युत कार्य में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। लाइन सुधार और विस्तार के दौरान थोड़ी सी असावधानी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को कार्य शुरू करने से पहले निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी की सुरक्षा केवल उसकी व्यक्तिगत सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके पूरे परिवार की खुशहाली और समृद्धि से जुड़ी है।

शिलेदार ने डिस्चार्ज रॉड, डीओ फ्यूज, सुरक्षा दस्ताने सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को मैदानी कर्मचारियों के लिए पर्याप्त सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराने, समय पर वितरण तथा उपकरणों की कार्यशील स्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यशाला के संयोजक एवं अतिरिक्त मुख्य अभियंता अम्बिकापुर आवेदन कुजूर ने सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग और रखरखाव की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्युत सुरक्षा उपकरण कर्मचारी और दुर्घटना के बीच सुरक्षा कवच का काम करते हैं। उन्होंने दस्ताने, डिस्चार्ज रॉड, डीओ फ्यूज, हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट और सेफ्टी शूज सहित व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा कार्य से पहले उनकी जांच की आवश्यकता बताई।

उन्होंने कहा कि विद्युत लाइन पर कार्य शुरू करने से पहले सप्लाई बंद होने की पुष्टि, आवश्यक अर्थिंग एवं डिस्चार्ज प्रक्रिया और निर्धारित सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए। सुरक्षा में जल्दबाजी के बजाय सावधानी को प्राथमिकता देना जरूरी है।

कार्यशाला में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुरक्षित कार्य प्रणाली को अपनी कार्यशैली का अनिवार्य हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता जेपी राजवाड़े, राजेश जायसवाल, अक्षय कुमार, अभिनेष बंजारे, कैलास देवांगन, सुरजीत गुप्ता सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट