सरगुजा

सडक़ और फुटपाथ से हटेगा अतिक्रमण, अवैध पार्किंग पर होगी कार्रवाई
30-Sep-2026 3:20 PM
सडक़ और फुटपाथ से हटेगा अतिक्रमण, अवैध पार्किंग पर होगी कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 30 सितंबर। सडक़ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सडक़ों एवं फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई नगरीय प्रशासन के समन्वय से की जाएगी। साथ ही अवैध एवं अस्त-व्यस्त तरीके से की जा रही पार्किंग के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नगर एवं ग्राम पंचायतों के माध्यम से प्रमुख मार्गों पर लाइट और सोलर लाइट की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया है।

बैठक में यात्री बसों और स्कूल बसों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। विशेष रूप से अति पुराने वाहनों का फिटनेस और रजिस्ट्रेशन जांचने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने कहा गया है कि सडक़ों पर केवल निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले और फिट वाहनों का ही संचालन हो, ताकि यात्रियों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

श्रवणबाधित पहाड़ी कोरवा नईहारो को मिला श्रवण यंत्र

बैठक के पश्चात सांसद चिंतामणि महाराज ने विकासखंड अंबिकापुर के ग्राम पंचायत खाला स्थित कोरवापारा निवासी पहाड़ी कोरवा श्रीमती नईहारो को श्रवण यंत्र प्रदान किया। यह उपकरण समाज कल्याण विभाग की कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदाय योजना के तहत उपलब्ध कराया गया।

श्रवण यंत्र मिलने पर नईहारो और उनके परिजनों ने सांसद के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि श्रवण यंत्र मिलने से अब उन्हें रोजमर्रा के कार्यों में काफी सहूलियत होगी और दूसरों से बातचीत करने में भी मदद मिलेगी। इस पहल से जरूरतमंद पहाड़ी कोरवा परिवार को राहत मिली है।


अन्य पोस्ट