सरगुजा
अंबिकापुर, 29 सितंबर। सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शराब के नशे में वाहन चलाने के पांच मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों को न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय ने सभी पांच मामलों में प्रत्येक वाहन चालक पर 10-10 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया।
इस तरह कुल 50 हजार रुपए का जुर्माना किया गया।
पुलिस के अनुसार यातायात शाखा द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान चार चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया। इनमें अग्रसेन वार्ड अंबिकापुर निवासी 22 वर्षीय सौरभ, जिला बलरामपुर निवासी 42 वर्षीय चंद्र प्रकाश गुप्ता, उदयपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणगढ़ निवासी लाल अवधेश तथा बंगालीपारा अंबिकापुर निवासी 25 वर्षीय राहुल दास शामिल हैं। चारों स्कूटी और मोटरसाइकिल चलाते पाए गए थे। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
वहीं, थाना बतौली पुलिस ने चिरगा निवासी 29 वर्षीय अखिलेश्वर सिंह को मोटरसाइकिल चलाते पकड़ा। जांच में उसके भी शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने पांचों चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां प्रत्येक को 10 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया गया।
कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त, थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे।