सरगुजा

कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के प्रथम छत्तीसगढ़ आगमन पर स्वागत
28-Sep-2026 9:13 PM
कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के प्रथम छत्तीसगढ़ आगमन पर स्वागत

संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 सितंबर। कांग्रेस के नवनियुक्त छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत के पहली बार छत्तीसगढ़ आगमन पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग की ओर से स्वागत किया गया। सितंबर में सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया गया था और 27 सितंबर से उनका प्रदेश दौरा शुरू हुआ।

अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अमीन मेमन के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में अंबिकापुर से प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी, कांग्रेस नेता दीपक मिश्रा, शाहिद अहमद और जहांगीर अली सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। रायपुर से गुलजेब अहमद समेत प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं कांग्रेस के अन्य साथी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने सुखदेव भगत का आत्मीय स्वागत करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा की। नेताओं ने कहा कि नए प्रदेश प्रभारी के आगमन से संगठन में उत्साह बढ़ा है। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही।

सुखदेव भगत के प्रदेश दौरे के दौरान कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठकें निर्धारित हैं।


अन्य पोस्ट