सरगुजा

माउंट लिटेरा जी स्कूल में शौर्य, बलिदान और बेटियों के सम्मान का संदेश
28-Sep-2026 9:12 PM
माउंट लिटेरा जी स्कूल में शौर्य, बलिदान और बेटियों के सम्मान का संदेश

सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ, शहीद भगत सिंह जयंती और बेटी दिवस पर विशेष प्रार्थना सभा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,28 सितंबर। माउंट लिटेरा जी स्कूल में सोमवार को विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इसमें सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ, शहीद भगत सिंह की जयंती और बेटी दिवस (डॉटर्स डे)को देशभक्ति, सम्मान एवं प्रेरणा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को देशभक्ति, साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के साथ बेटियों के सम्मान एवं सशक्तिकरण का संदेश देना रहा।

कार्यक्रम में कक्षा 12वीं कॉमर्स की छात्रा खुशी यादव ने सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ पर वक्तव्य दिया। उन्होंने भारतीय सेना के साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण को रेखांकित करते हुए देश की सुरक्षा के लिए योगदान देने वाले जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

इसके बाद कक्षा 9वीं-बी की छात्रा प्रनिका दुबे ने शहीद भगत सिंह की जयंती पर प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने भगत सिंह के जीवन, अदम्य साहस, देशप्रेम और स्वतंत्रता के लिए दिए गए बलिदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

डॉटर्स डे के अवसर पर विद्यालय के निदेशक प्रतीक दीक्षित ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बेटियों के सम्मान, समान अवसर और सशक्तिकरण की आवश्यकता पर विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को बेटियों के सपनों और क्षमताओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्या वर्षा अग्रवाल ने कहा कि देश के वीरों के साहस और बलिदान से हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा मिलती है। बेटियों का सम्मान और उन्हें आगे बढऩे के समान अवसर देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओतप्रोत रहा। समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।


अन्य पोस्ट