सरगुजा

राष्ट्रीय स्तर पर कस्तूरबा विद्यालय रजपुरीकला का दूसरा स्थान
28-Sep-2026 9:10 PM
राष्ट्रीय स्तर पर कस्तूरबा विद्यालय रजपुरीकला का दूसरा स्थान

देश के शीर्ष 10 विद्यालयों में शामिल, दीप्ति वर्मा को श्रेष्ठ शिक्षिका और वंदना एक्का को श्रेष्ठ छात्रा का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 सितंबर। सरगुजा जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय रजपुरीकला, लखनपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। सेंटर फॉर एनवायरमेंट एजुकेशन और एचसीएल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित जनरेशन फॉर क्लाइमेट एक्शन कार्यक्रम के तहत विद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर के शीर्ष 10 विद्यालयों में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए विद्यालय की शिक्षिका और छात्राओं को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया गया।

कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और समग्र शिक्षा के जिला परियोजना संचालक के निर्देशन में जिले की टीम ने यह उपलब्धि हासिल की। राष्ट्रीय स्तर की टीम द्वारा विद्यालय के कार्यों के निरीक्षण एवं मूल्यांकन के बाद इसे शीर्ष 10 विद्यालयों में शामिल किया गया।

26 से 28 सितंबर तक नई दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय शिविर सह सम्मान समारोह में सरगुजा जिले के जिला मिशन समन्वयक सर्वजीत पाठक, विद्यालय की अधीक्षिका अनुराधा सिंह, मार्गदर्शक शिक्षकों और छात्र नेतृत्वकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

समारोह में यूनेस्को क्षेत्रीय कार्यालय भारत की गायत्री तथा एचसीएल फाउंडेशन के प्रमुख डॉ. शांतनु बसु विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके हाथों जिला मिशन समन्वयक सर्वजीत पाठक और कस्तूरबा विद्यालय की विजेता टीम को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।

समारोह में देशभर से पर्यावरण विशेषज्ञों सहित 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यालय की मार्गदर्शक शिक्षिका दीप्ति वर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर ‘श्रेष्ठ शिक्षिका’ तथा छात्रा वंदना एक्का को ‘श्रेष्ठ छात्रा’ के विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

 इनके अलावा मार्गदर्शक शिक्षिका अनुराधा सिंह तथा छात्र नेतृत्वकर्ताओं वंदना एक्का, प्रिया लकड़ा, दीपिका लकड़ा, स्वाति सिंह, अस्मिता एक्का और रागिनी सिंह कुरुम को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान मिला।

विद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों ने जनरेशन फॉर क्लाइमेट एक्शन कार्यक्रम के तहत जलवायु संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, विद्युत संरक्षण, परिवहन और खाद्य सुरक्षा जैसे विषयों पर विभिन्न गतिविधियां संचालित कीं। विद्यालय स्तर पर किए गए इन प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली और इसी के आधार पर विद्यालय को शीर्ष 10 में स्थान प्राप्त हुआ।

विद्यालय की इस उपलब्धि पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं, शिक्षकों एवं पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे सरगुजा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।


अन्य पोस्ट