सरगुजा

कन्या स्कूल की चार छात्राओं का शानदार प्रदर्शन
28-Sep-2026 3:33 PM
कन्या स्कूल की चार छात्राओं का शानदार प्रदर्शन

राज्य स्तर बालिका क्रिकेट में सरगुजा चैंपियन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 सितंबर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर में बालिका क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई पहल ने पहली ही बार में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। राजनांदगांव में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 में सरगुजा संभाग की बालिका क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी संभागीय टीमों को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर की चार छात्राओं ने सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व किया।

विद्यालय की छात्राएं दृष्टि सिंह, आरती सिंह, पूर्णिमा केरकेट्टा एवं अनन्या यादव ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर विद्यालय, अंबिकापुर शहर और सरगुजा का नाम रोशन किया।

विद्यालय में बालिका क्रिकेट प्रशिक्षण की शुरुआत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में संस्था के व्यायाम शिक्षक एवं राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह के प्रयासों से की गई थी। प्रशिक्षण शुरू होने के दौरान करीब 28 छात्राओं ने नियमित रूप से क्रिकेट का अभ्यास शुरू किया। बालिकाओं को प्रशिक्षण देकर उनके खेल कौशल को निखारने में अम्बिकापुर के क्रिकेट कोच शौभिक दासगुप्ता का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

प्रशिक्षण केंद्र को आगे बढ़ाने में विद्यालय की संस्था प्रमुख एवं शिक्षकों का सहयोग मिला। वहीं सरगुजा जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष एवं पार्षद शैलेश कुमार सिंह का विशेष सहयोग रहा। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा के मार्गदर्शन में विद्यालय में बालिका क्रिकेट को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए गए।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मिली इस सफलता पर विद्यालय की प्राचार्या अपर्णा दुबे सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने चारों छात्राओं समेत विजेता टीम की सभी खिलाडिय़ों को बधाई दी। विद्यालय परिवार ने बालिकाओं के उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्राओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करेगी। विद्यालय की यह पहल बालिका शिक्षा के साथ बालिका खेल को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


अन्य पोस्ट