सरगुजा

पीजी कॉलेज के शिवम शर्मा को राज्य स्तरीय श्रेष्ठ स्वयंसेवक पुरस्कार
27-Sep-2026 9:13 PM
पीजी कॉलेज के शिवम शर्मा को राज्य स्तरीय श्रेष्ठ स्वयंसेवक पुरस्कार

मुख्यमंत्री व उच्च शिक्षा मंत्री के हाथों मिला सम्मान, प्रशस्ति पत्र के साथ पुरस्कार राशि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 27 सितंबर। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर के एमएससी गणित के छात्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) पुरुष इकाई के सक्रिय स्वयंसेवक शिवम कुमार शर्मा ने अपनी उत्कृष्ट सेवाओं और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण से महाविद्यालय एवं सरगुजा का नाम राज्य स्तर पर गौरवान्वित किया है। राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें राज्य स्तरीय श्रेष्ठ स्वयंसेवक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

24 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय गरिमामय समारोह में शिवम शर्मा को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा तथा राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता वाजपेयी के हाथों शिवम शर्मा को श्रेष्ठ स्वयंसेवक का राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किया गया। सम्मान स्वरूप उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं 15,000 की पुरस्कार राशि का चेक प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा अंचल में हर्ष का वातावरण है।

 शिवम कुमार शर्मा को राज्य स्तरीय श्रेष्ठ स्वयंसेवक पुरस्कार मिलने पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. एस. एन. पांडेय, जिला संगठक प्रो. खेमकरण अहिरवार, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, कार्यक्रम अधिकारी प्रो. राजीव कुमार एवं प्रो. दीपिका स्वर्णकार सहित एनएसएस के स्वयंसेवकों एवं महाविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

सेवा और सामाजिक सरोकारों में निरंतर सक्रिय

शिवम शर्मा ने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से शिक्षा के साथ-साथ समाजसेवा, जनजागरूकता, स्वास्थ्य, पर्यावरण, युवा सहभागिता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विभिन्न अभियानों में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने एनएसएस की अनेक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक जागरूकता एवं सेवा का संदेश पहुंचाया।

उन्होंने नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता, सडक़ सुरक्षा, बाल शिक्षा एवं बाल विवाह जागरूकता, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, एड्स नियंत्रण, डिजिटल साक्षरता तथा ‘माय भारत’ जैसे विभिन्न अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई।

राज्य स्तरीय शिविर से लेकर कैंप लीडर तक निभाई जिम्मेदारी

शिवम शर्मा ने राज्य स्तरीय एनएसएस शिविर में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा महाविद्यालय स्तरीय शिविर में कैंप लीडर के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हुए स्वयंसेवकों के साथ समन्वय एवं नेतृत्व का परिचय दिया। उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता ने एनएसएस की विभिन्न गतिविधियों को प्रभावी बनाने में योगदान दिया।

मैनपाट महोत्सव में दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश

शिवम शर्मा ने मैनपाट महोत्सव में महिला सशक्तिकरण एवं बालिका शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर आधारित एकांकी नाटक के मंचन में सक्रिय सहभागिता निभाई। वहीं ‘मेरी माटी, मेरा देश’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में भी उन्होंने योगदान दिया।

चार बार रक्तदान कर पेश की मानव सेवा की मिसाल

मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए शिवम शर्मा अब तक चार बार रक्तदान कर चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने रक्तदान शिविरों के संचालन एवं आयोजन में भी सक्रिय भूमिका निभाई। उनके इस प्रयास ने युवाओं में रक्तदान एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचाया।

दिल्ली गणतंत्र दिवस समारोह में भी रहे सहभागी

शिवम शर्मा की उपलब्धियों में दिल्ली गणतंत्र दिवस समारोह में हृस्स् के विशेष अतिथि के रूप में सहभागिता भी उल्लेखनीय है। राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित आयोजन में सहभागिता ने उनके अनुभव को व्यापक बनाया तथा महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के लिए गौरव का अवसर प्रदान किया।


अन्य पोस्ट