सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 सितंबर। शांतिपारा गोधनपुर स्थित निर्माणाधीन मां दुर्गा शक्तिपीठ परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों के साथ साझा किए गए विभिन्न विषयों एवं जनहितकारी संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम में भाजपा छत्तीसगढ़ विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सदस्य संजीव कुमार सेठ, भाजपा ओबीसी मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश सदस्य एवं सहप्रभारी सूरजपुर गौतम विश्वकर्मा तथा भाजपा छत्तीसगढ़ झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सदस्य निलेश तिवारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देशवासियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों और जनहित से जुड़े विषयों को देशवासियों के सामने रखने का प्रयास किया जाता है।
सामूहिक श्रवण के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को सुना और समाजहित एवं राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।