सरगुजा

एक दिन के लिए बनाया एबीईओ, अगले ही दिन आदेश निरस्त!
26-Sep-2026 8:55 PM
एक दिन के लिए बनाया एबीईओ, अगले ही दिन आदेश निरस्त!

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 सितंबर। शिक्षा विभाग में आदेश जारी होने और अगले ही दिन उसे निरस्त किए जाने का मामला सामने आया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से 24 सितंबर को जारी आदेश के तहत सीतापुर के संकुल आदर्श नगर में कार्यरत सीएसी सुशील मिश्रा को उनके मूल कार्यों के साथ-साथ सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सीतापुर का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया था। हालांकि, आदेश जारी होने के अगले ही दिन 25 सितंबर को इसे तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से 24 सितंबर को जारी आदेश में बताया गया था कि विकासखंड कार्यालय सीतापुर में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ)का पद रिक्त होने के कारण कार्यालयीन कार्य प्रभावित हो रहे हैं। तात्कालिक व्यवस्था के तहत सुशील मिश्रा को आगामी आदेश तक सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व दिया गया था। आदेश में यह भी उल्लेख था कि नियमित पदस्थापना होने पर यह आदेश स्वत: निरस्त माना जाएगा।

इस आदेश के एक दिन बाद ही जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 25 सितंबर को नया आदेश जारी किया। इसमें 24 सितंबर को जारी कार्यालयीन आदेश क्रमांक 17052/स्टेनो/2026 का हवाला देते हुए सुशील मिश्रा को दिया गया सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सीतापुर का अतिरिक्त प्रभार तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।

इस तरह महज एक दिन के भीतर ही विभाग को अपना आदेश वापस लेना पड़ा। हालांकि, आदेश निरस्त किए जाने के संबंध में नए आदेश में कोई कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। लगातार दो दिनों में जारी हुए दोनों आदेशों को लेकर शिक्षा विभाग में चर्चा बनी हुई है।


अन्य पोस्ट