सरगुजा
गणेश विसर्जन के दौरान विवाद ने लिया हिंसक रूप, सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,25 सितंबर। शहर के घुटरापारा इलाके में गणेश विसर्जन के दौरान तेज आवाज में बज रहे डीजे और चोंगे को कम करने की बात को लेकर विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि आवाज कम करने की बात से नाराज युवकों ने एक महिला और उसके 17 वर्षीय बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। महिला के दोनों हाथों में भी चोट आई है।
घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के घुटरापारा की बताई जा रही है। यहां गणेश विसर्जन का जुलूस निकाला जा रहा था और डीजे व चोंगा तेज आवाज में बज रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा आवाज कम करने की बात कहने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते बहस गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।
इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं मंजू गुप्ता और उनके 17 वर्षीय बेटे अंकित गुप्ता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में मंजू के दोनों हाथों में चोट आई, जबकि अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें विवाद और मारपीट की घटना दिखाई दे रही है। घटना के बाद पीडि़त पक्ष ने कोतवाली थाने पहुंचकर नामजद शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान ध्वनि संबंधी नियमों के पालन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देशों के बीच रिहायशी इलाके में तेज आवाज को लेकर विवाद और फिर धारदार हथियार से हमले की घटना ने पुलिस की गश्त एवं निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई की विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।