सरगुजा

गणेश विसर्जन के दौरान प्रशिक्षु डीएसपी से झूमाझटकी, वाहन में तोडफ़ोड़, 6 बंदी
25-Sep-2026 9:32 PM
गणेश विसर्जन के दौरान प्रशिक्षु डीएसपी से झूमाझटकी, वाहन में तोडफ़ोड़, 6 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 25 सितंबर। गणेश विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाकर सडक़ बाधित करने और रास्ता देने की बात को लेकर विवाद हो गया। ग्राम जगदीशपुर मेन रोड पर हुए विवाद में दरिमा थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के साथ कथित तौर पर झूमाझटकी की गई और उनके निजी वाहन के कांच तोडक़र क्षतिग्रस्त कर दिए गए। मामले में मणिपुर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, दरिमा थाना प्रभारी निशांत कुर्रे शासकीय कार्य से अंबिकापुर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम जगदीशपुर मेन रोड पर गणेश विसर्जन का जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में पिकअप वाहन पर तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था और आम रास्ता बाधित था। थाना प्रभारी ने रास्ता देने और स्थिति समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने थाना प्रभारी के शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए उनके साथ झूमाझटकी की तथा वाहन के कांच तोडक़र उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मणिपुर पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

छह आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए मणिपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल छह मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अनिल राजवाड़े (42), धनेश्वर राजवाड़े उर्फ धन्नू (22), रामदेव राजवाड़े उर्फ चुटुल (19), शिवशंकर राजवाड़े उर्फ शिव (44), नीरज राजवाड़े (20) और मुकेश दास (18), सभी निवासी जगदीशपुर क्षेत्र, बताए।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।


अन्य पोस्ट