सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 सितंबर। अनुसूचित जनजाति की भूमि के कथित फर्जीवाड़े के मामले में मणिपुर पुलिस, साइबर सेल और रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के मस्जिद मोहल्ला निवासी आजाद इराकी (43) के रूप में हुई है। उस पर करीब 40 लाख रुपये में विवादित जमीन का सौदा करने का आरोप है। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार कलेक्टर कार्यालय सरगुजा की जांच के आधार पर प्राप्त रिपोर्ट में बताया गया कि अंबिकापुर स्थित प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास खसरा क्रमांक 3714 की भूमि नगर निगम के मास्टर प्लान-2021 और तालाबों की शासकीय सूची में दर्ज करीब 6.25 एकड़ तालाब क्षेत्र का हिस्सा है। इस क्षेत्र का उपयोग स्थानीय लोगों द्वारा निस्तारी, स्नान और छठ पूजा सहित अन्य सामाजिक-धार्मिक गतिविधियों के लिए किया जाता रहा है।
फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और वंशावली का इस्तेमाल
जांच में सामने आया कि संबंधित भूमि वर्ष 1954-55 से पूर्व के राजस्व अभिलेखों में अनुसूचित जनजाति वर्ग के भू-स्वामी जैलाल पिता बोधन गोड़ के नाम दर्ज थी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराए और दूसरे व्यक्ति जयलाल पिता देवराम की वंशावली एवं नामांतरण संबंधी दस्तावेजों का दुरुपयोग कर खुद को वारिस बताया।
इसके बाद विक्रेता चंद्रशेखर यादव और अन्य सह-खातेदारों के साथ मिलकर अनुसूचित जनजाति की भूमि का गैर-अनुसूचित जनजाति के नाम पर कथित रूप से अवैध अंतरण कराया गया और फर्जी बैनामा तैयार किया गया। आवेदक की रिपोर्ट पर मणिपुर थाने में अपराध क्रमांक 168/26 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जानकारी के आधार पर रायपुर में दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर मणिपुर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान आरोपी आजाद इराकी के संबंध में तकनीकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने रायपुर पुलिस के सहयोग से उसके संभावित ठिकाने पर दबिश दी और उसे हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसे जमीन के दस्तावेज फर्जी और कूटरचित होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने विवादित भूमि का करीब 40 लाख रुपये में सौदा किया था। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने का दावा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य सह-आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक विवेचना जारी है।
कार्रवाई में रायपुर क्राइम के डीएसपी संजय सिंह, मणिपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक सीपी तिवारी, रायपुर के उप निरीक्षक गेंदूराम नवरंग, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा, एएसआई अनिल पांडेय, प्रधान आरक्षक जयदीप सिंह, आरक्षक मनीष सिंह, रमेश राजवाड़े, उमाशंकर साहू, अनिल सिंह तथा रायपुर के आरक्षक संदीप सिंह और महिपाल सिंह शामिल रहे।