सरगुजा

शिक्षक संघ के प्रांतीय महिला सम्मेलन में सरगुजा की रही सहभागिता
25-Sep-2026 9:32 PM
शिक्षक संघ के प्रांतीय महिला सम्मेलन में सरगुजा की रही सहभागिता

अंबिकापुर, 25 सितंबर। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय महिला सम्मेलन एवं सम्मान समारोह महासमुंद में संपन्न हुआ। 19 और 20 सितंबर को आयोजित सम्मेलन में प्रदेशभर से करीब 1200 महिला शिक्षकों ने भाग लिया। सरगुजा जिले से 38 महिला शिक्षक और 12 पुरुष सहयोगी शिक्षक सहित कुल 50 सदस्य सम्मेलन में शामिल हुए।

समापन समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि महिला शिक्षक केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भी आधारशिला हैं। वे संस्कार और संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने और छत्तीसगढ़ को शैक्षिक हब के रूप में विकसित करने का आह्वान किया।

सरगुजा जिले से सम्मानित महिला शिक्षकों में उदयपुर से अन्ना फ्रांसिस्का तिर्की, माटिल्डा एक्का, सिलकेन एक्का, पेरपेतुआ कुजूर, सुशीला तिग्गा, जगरानी एक्का और सीमा गुप्ता; लुंड्रा से उषा जायसवाल, जीवंती लकड़ा, विद्यावती पैकरा, प्रेममनी एक्का, अंजनी तिवारी, अंजना लकड़ा और अस्ति लकड़ा; सीतापुर से गीता उपाध्याय, अनीता तिवारी, सरोज, हेमलता भगत और स्वर्णलता खलखो तथा अंबिकापुर से अवंतिका गाजौरिया आदि शामिल रहे।

सूरजपुर में कार्यरत राधा कुशवाहा, नीतू श्रीवास्तव, सुनैना जायसवाल, देवेंद्र कुशवाहा, स्मिता पटेल और अंजना वर्मा सहित कुल 38 महिला शिक्षकों ने सम्मेलन में सहभागिता की।

विभिन्न सत्रों में जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिंह और रचना नायडू मौजूद रहे। सम्मान सत्र में बसना विधायक संपत अग्रवाल ने सहभागिता की। समापन सत्र में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के साथ सरायपाली विधायक चातुरी नंद, शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम और संघ के पालक अधिकारी नारायण नामदेव उपस्थित रहे।

संघ के जिलाध्यक्ष सीपी सोनी ने बताया कि प्रमुख संगठन मंत्री ओंकार सिंह और प्रांताध्यक्ष संजय ठाकुर के आह्वान पर अंबिकापुर से उप जिलाध्यक्ष अन्ना फ्रांसिस्का तिर्की, जिला सहसचिव अवंतिका गजौरिया, सारिका मिश्रा, उषा जायसवाल और गीता उपाध्याय के नेतृत्व में महिला शिक्षकों ने सम्मेलन में भाग लिया।

शिक्षकों ने रखीं प्रमुख मांगें

सम्मेलन में प्रमुख संगठन मंत्री ओंकार सिंह ने राष्ट्रहित, शिक्षा हित, छात्र हित और शिक्षक हित से जुड़ी मांगों का मांगपत्र शिक्षा मंत्री को सौंपा। मंत्री ने मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

खुले मंच की चर्चा में अंबिकापुर से अन्ना फ्रांसिस्का तिर्की और अवंतिका गजौरिया ने सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व किया। अन्ना फ्रांसिस्का तिर्की ने ग्रामीण क्षेत्रों की शालाओं में विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर में सुधार के लिए सुझाव रखे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में अंबिकापुर की सारिका मिश्रा ने वंदना, स्वागत गीत और प्रेरणा गीतों की प्रस्तुति दी। जांजगीर की आशा पाठक ने वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी, जबकि कांकेर की महिला शिक्षकों ने आदिवासी नवा खाई नृत्य प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सम्मेलन में उत्साह का माहौल बनाया।

200 से अधिक सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान

समापन समारोह में करीब 200 सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ राष्ट्रपति और राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों का सम्मान किया गया। सम्मेलन में शामिल सभी महिला शिक्षकों को अभिनंदन पत्र भी प्रदान किए गए।


अन्य पोस्ट