सरगुजा
जल-जंगल-जमीन और खनन मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का लिया संकल्प
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर,25 सितंबर। सरगुजा जिला के विकासखंड उदयपुर के ग्राम डूमरडीह में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा निर्मित गोंडवाना भवन (गोटूल) का 24 सितंबर को भव्य अनावरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पाली-तानाखार विधायक एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम रहे। समारोह में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आसपास के गांवों से पहुंचे बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में करीब 400 से 500 लोग शामिल हुए।
गोंडवाना भवन का भूमि पूजन वर्ष 2018 में पार्टी के संस्थापक हीरा सिंह मरकाम ने किया था। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद आयोजित समारोह में विधिवत इसका अनावरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोनतराई की सरपंच सुनीता सिंह वरकड़े ने की। इस दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता जयनाथ सिंह केराम, सचिव श्याम सिंह मरकाम, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भूपनाथ सिंह, सूरजपुर जिला अध्यक्ष देव सिंह पोया, सरगुजा जिला अध्यक्ष जीतम सिंह उइके सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
समाज की एकजुटता पर जोर
अनावरण के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम ने समाज को संगठित होकर आगे बढऩे का आह्वान किया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए समाज के लोगों से अपने प्रतिनिधियों को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों को लेकर एकजुट होकर आवाज उठाने पर जोर दिया।
मरकाम ने क्षेत्र में औद्योगिक एवं खनन गतिविधियों से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए आदिवासी समाज के अधिकारों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। इस दौरान जल, जंगल, जमीन और कोयला खदानों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी दिलाया गया।
जयनाथ केराम की भूमिका को लेकर उठे सवाल
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयनाथ सिंह केराम की वर्तमान भूमिका को लेकर भी सवाल किया। सरगुजा संभाग में पिछले करीब दो दशकों से जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अधिकारों से जुड़े आंदोलनों में केराम की सक्रिय भूमिका रही है। स्थानीय स्तर पर कई पावर प्लांट और आदिवासी भूमि से जुड़े आंदोलनों में उनके नेतृत्व तथा आंदोलनों के दौरान जेल जाने की घटनाओं का भी उल्लेख किया गया।
पत्रकारों ने उनकी वर्तमान सक्रियता को लेकर सवाल किया कि क्या संगठन में उनकी भूमिका में कोई बदलाव आया है। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम ने स्पष्ट किया कि जयनाथ सिंह केराम अभी भी पार्टी की राष्ट्रीय बॉडी में हैं। उन्होंने कहा कि संगठन में नेतृत्व और जिम्मेदारियां समय-समय पर बदलती रहती हैं और आवश्यकता पडऩे पर कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए सक्रिय रहते हैं।
अंदरूनी मतभेद खत्म कर संगठन मजबूत करने की अपील
कार्यक्रम के दौरान पार्टी के अंदरूनी मतभेदों का मुद्दा भी चर्चा में रहा। पूर्व और वर्तमान जिला अध्यक्ष के बीच चल रहे विवाद को लेकर संगठन में आपसी मतभेद समाप्त करने पर जोर दिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत मतभेदों को पीछे छोडक़र संगठन के हित में एकजुट होकर काम करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि संगठन में पद और जिम्मेदारियां समय-समय पर बदलती रहती हैं, इसलिए दायित्व को लेकर मनमुटाव नहीं होना चाहिए। सभी कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा भवन
डूमरडीह में निर्मित गोंडवाना भवन को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की बात कही गई। करीब आठ वर्ष पहले हुए भूमि पूजन के बाद भवन का निर्माण पूरा होने पर अब इसका विधिवत अनावरण किया गया। कार्यक्रम का समापन समाज की एकजुटता, संगठन की मजबूती तथा जल, जंगल, जमीन और क्षेत्रीय अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने के संकल्प के साथ हुआ।