सरगुजा

चेन्द्रा के जंगल में सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई का आरोप, सीसीएफ ने दिए जांच के निर्देश
24-Sep-2026 7:46 PM
 चेन्द्रा के जंगल में सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई का आरोप, सीसीएफ ने दिए जांच के निर्देश

अंबिकापुर, 24 सितंबर। लुण्ड्रा वन परिक्षेत्र अंतर्गत चेन्द्रा वन परिसर के गंझाडांड़ और लालमाटी जंगलों में सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए लकड़ी तस्करों के सक्रिय होने का आरोप लगाया है।

ग्राम वन समिति लालमाटी के अध्यक्ष दसरत राम तथा स्थानीय नागरिक अविनाश कुजूर सहित अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में सागौन के पेड़ों को काटकर लकड़ी की अवैध तस्करी की जा रही है।

ग्रामीणों ने चेन्द्रा वन परिसर में पदस्थ वन दरोगा संजय तिर्की की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उनके स्थानांतरण और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मामले पर सरगुजा के मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) दिलराज प्रभाकर ने बताया कि पूर्व में इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रकरण की जानकारी वनमंडलाधिकारी को देकर मौके की तथ्यात्मक जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सिद्ध होने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट