सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर/लुण्ड्रा, 24 सितंबर। अवैध मवेशी तस्करी और पशु क्रूरता के मामले में लुण्ड्रा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार भैंसे भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल (20), राजकुमार (23) और बसारत अंसारी (52) शामिल हैं। सभी लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को ग्राम पंचायत दोरना में कुछ लोगों द्वारा चार मवेशियों को कथित रूप से क्रूरता पूर्वक ले जाते हुए ग्रामीणों ने देखा। पूछताछ में संदिग्धों ने अपनी पहचान राहुल और राजकुमार के रूप में बताई। दोनों ने मवेशियों को उदारी निवासी बसारत अंसारी को बेचने तथा उन्हें झारखंड के बूचडख़ाने ले जाने की बात बताई। ग्रामीण की शिकायत पर लुण्ड्रा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आरोपियों के कब्जे से चार भैंसे जब्त किए। पूछताछ में आरोपियों ने मवेशियों को पैदल हांककर बसारत अंसारी के पास ले जाकर बेचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने बसारत अंसारी को पकड़ा। पूछताछ में उसने मवेशियों को खरीदकर बूचडख़ाने ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।-