सरगुजा
हिंदी दिवस समारोह में मातृभाषा के प्रति गौरवबोध विकसित करने पर दिया जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 23 सितंबर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा के हिंदी विभाग द्वारा हिंदी पखवाड़े के तहत हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेंद्र लाकपाले ने की। मुख्य अतिथि आचार्य दिग्विजय सिंह तोमर तथा विशिष्ट अतिथि संतोष दास और डॉ. नीलाभ कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति डॉ. राजेंद्र लाकपाले ने हिंदी दिवस की सार्थकता और हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विचार किसी भी अभिव्यक्ति का मूल आधार हैं और मनुष्य स्वाभाविक रूप से उसी भाषा में बेहतर ढंग से सोचता है, जिससे उसका आत्मीय, सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव होता है। ऐसे में मातृभाषा और हिंदी में चिंतन, लेखन तथा प्रभावी अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा, विचार-चेतना और अस्मिता की संवाहक भी है। भाषायी हीनभावना से मुक्त होकर अपनी भाषा के प्रति गौरवबोध विकसित करने की जरूरत है। विद्यार्थियों को हिंदी को केवल विषय या औपचारिक भाषा तक सीमित न रखकर ज्ञान, शोध, चिंतन और सृजन की भाषा के रूप में विकसित करना चाहिए।
कुलपति ने हिंदी की संवैधानिक स्थिति और राजभाषा के रूप में उसकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदी का विकास केवल हिंदी भाषियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि भारतीय भाषायी और सांस्कृतिक समन्वय की व्यापक प्रक्रिया का हिस्सा है।
विश्वविद्यालयों को हिंदी में ज्ञान-विज्ञान, शोध और रचनात्मक अभिव्यक्ति के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है।
मुख्य अतिथि आचार्य दिग्विजय सिंह तोमर ने हिंदी की व्यापकता और भारतीय संस्कृति में उसकी भूमिका पर विचार व्यक्त करते हुए स्वरचित कविता प्रस्तुत की। विशिष्ट अतिथि संतोष दास ने स्वरचित गीतों के माध्यम से हिंदी की महत्ता को रेखांकित किया। वहीं डॉ. नीलाभ कुमार ने औपनिवेशिक मानसिकता और भाषायी जड़ता के प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए भारतीय भाषाओं एवं सांस्कृतिक अस्मिता के संरक्षण की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में हिंदी के प्रचार-प्रसार, अधिकाधिक प्रयोग तथा विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। विश्वविद्यालय परिवार की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ हिंदी दिवस समारोह संपन्न हुआ।