सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता-
अंबिकापुर, 24 सितंबर। जनगणना-2027 में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की जातिगत गणना के लिए स्पष्ट एवं पृथक कॉलम निर्धारित करने की मांग को लेकर पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, सरगुजा की ओर से राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की तर्ज पर अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए भी जनगणना प्रपत्र में अलग श्रेणी निर्धारित करने की मांग की गई, ताकि ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या का प्रमाणिक एवं वैज्ञानिक आंकड़ा उपलब्ध हो सके।
इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता ने कहा कि ओबीसी देश की सामाजिक संरचना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। शिक्षा, रोजगार, सामाजिक प्रतिनिधित्व और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी निर्धारण के लिए ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या एवं सामाजिक स्थिति से संबंधित प्रमाणिक आंकड़े जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना में ओबीसी की स्पष्ट पहचान के साथ आंकड़े एकत्र किए जाने से सामाजिक न्याय से जुड़ी नीतियों के निर्माण और क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना और ओबीसी के अधिकारों के मुद्दे को लगातार उठाया है। उन्होंने कहा कि ओबीसी की वास्तविक संख्या सामने आने के लिए जनगणना में इसकी स्पष्ट एवं पृथक गणना की व्यवस्था जरूरी है।
जिला कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के अध्यक्ष ईश्वर सोनी ने कहा कि ओबीसी की जातिगत गणना पारदर्शी, वैज्ञानिक और सत्यापन योग्य तरीके से होनी चाहिए। जनगणना प्रपत्र में अलग कॉलम होने से ओबीसी की वास्तविक संख्या का प्रमाणिक आंकड़ा प्राप्त किया जा सकेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, बालकृष्ण पाठक, ईश्वर सोनी, कलाम सिद्धकी, राजेंद्र बहादुर, बैजनाथ ठाकुर, अविनाश ठाकुर, गीता रजक, उर्मिला विश्वास, दुग्धेश्वर यादव, सुसीला, उमेश्वर साहू, आरिफ खान, अतहर अली, डॉ. निर्मल, शुभम ठाकुर सहित कांग्रेस एवं ओबीसी विभाग के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।