सरगुजा

बिना लाइसेंस नशे में स्कॉर्पियो चलाया, 12 हजार जुर्माना
24-Sep-2026 7:41 PM
बिना लाइसेंस नशे में स्कॉर्पियो चलाया, 12 हजार जुर्माना

अंबिकापुर/बतौली, 24 सितंबर। सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बतौली पुलिस द्वारा लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने शराब के नशे में बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और सीट बेल्ट के स्कॉर्पियो चलाने वाले चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। मामले में न्यायालय ने चालक पर 12 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।

पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 15 डीवाई 9795 को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम सोनल सिंह उर्फ सुभान सिंह अंबिकापुर बताया। जांच के दौरान चालक शराब के नशे में पाया गया। मेडिकल परीक्षण में भी उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके साथ ही उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और वह बिना सीट बेल्ट वाहन चला रहा था। पुलिस ने चालक के खिलाफ धारा 184, 185, 194(बी)(1) एवं 3/181 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने मामले में चालक को 12 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट