सरगुजा
दवा और रोटी का संकट, बहाली की मांग पर 26 को धरना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 23 सितंबर। जीवन के 30 से 40 साल विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में लगा दिए। उम्मीद थी कि सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन के सहारे सम्मान से बुढ़ापा कटेगा, लेकिन अब वही सहारा छिनने का आरोप लगाते हुए बुजुर्ग प्राध्यापक और कर्मचारी आंदोलन की राह पर हैं। छत्तीसगढ़ के अनुदानित अशासकीय महाविद्यालयों के 400 से अधिक सेवानिवृत्त प्राध्यापकों और कर्मचारियों की पेंशन बंद होने से उनके सामने दवा, इलाज और घर चलाने का संकट खड़ा हो गया है। जुलाई और अगस्त की पेंशन भी नहीं मिलने से उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं। पेंशनभोगियों का कहना है कि जीवनभर की सेवा के बाद बुढ़ापे में पेंशन छीन लेना उनके लिए मृत्यु दंड से कम नहीं है।
बुधवार को रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ अनुदान प्राप्त शिक्षक संघ की अध्यक्ष डॉ. आशा शर्मा ने सरकार के निर्णय पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जीवनभर उच्च शिक्षा की सेवा करने वाले बुजुर्गों को आज अपने अधिकार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
संघ के अनुसार, राज्य सरकार ने 1 सितंबर 2026 को आदेश जारी कर सेवानिवृत्त प्राध्यापकों और कर्मचारियों की पेंशन बंद कर दी। इसके बाद 11 सितंबर के आदेश से कार्यरत कर्मचारियों की पेंशन और ग्रेच्युटी की पात्रता भी समाप्त कर दी गई।
पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले 37 वर्षों से पेंशन और ग्रेच्युटी का लाभ मिल रहा था। वर्ष 2010 में तत्कालीन सरकार ने भी इसके भुगतान का आदेश जारी किया था।
संघ का दावा है कि 80 से अधिक प्राध्यापकों ने वेतनमान के अनुरूप पेंशन के लिए उच्च न्यायालय में याचिकाएं दायर की थीं। न्यायालय से राहत मिलने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर 50 से अधिक प्राध्यापकों ने अवमानना प्रकरण दायर किए हैं।
डॉ. आशा शर्मा ने कहा कि वृद्धावस्था में कई पेंशनभोगी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में पेंशन बंद होना उनके लिए आर्थिक संकट के साथ मानसिक पीड़ा का कारण भी बन गया है।
संघ ने दोनों आदेश वापस लेकर पेंशन बहाल करने, जुलाई-अगस्त की बकाया राशि देने और न्यायालय के आदेशानुसार पेंशन एवं ग्रेच्युटी प्रदान करने की मांग की है।
संघ के पदाधिकारियों ने 26 सितंबर को धरना देने की घोषणा की है। इस दौरान डॉ. कल्पना गुहा, सविता राय, डॉ. उषा शुक्ला, डॉ. तृप्ति पांडे, डॉ. ममता अवस्थी, ममता लकड़ा तथा शिक्षकेतर कर्मचारियों में शहजादी, मरियम लियोनी खेस और विजय लकड़ा सहित अन्य पेंशनभोगियों ने अपनी पीड़ा व्यक्त की।