सरगुजा

मोटर पंप चोरी, एक बंदी, एक फरार, ढाई लाख का सामान जब्त
23-Sep-2026 7:56 PM
मोटर पंप चोरी, एक बंदी, एक फरार, ढाई लाख का सामान जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लुंड्रा,23 सितंबर। सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में खेतों से मोटर पंप और सबमर्सिबल पंप चोरी की घटनाओं की जांच करते हुए लुंड्रा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, पांच मोटर पंप और दो सेट सबमर्सिबल पंप सहित करीब 2 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, तुरियाबीरा निवासी संजय कुमार गुप्ता ने 13 मई को लुंड्रा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके खेत में लगे सबमर्सिबल मोटर पंप के तार काटकर अज्ञात चोर मोटर पंप चोरी कर ले गया है। शिकायत पर धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध मोटरसाइकिल से चोरी का सामान लेकर जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल चालक को पकड़ लिया, जबकि पीछे बैठा दूसरा संदिग्ध मौके से फरार हो गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सत्यनारायण (25), निवासी गढ़बीरा, थाना लुंड्रा बताया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने जिला अस्पताल परिसर अंबिकापुर से अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल चोरी करना तथा लुंड्रा, बतौली, धौरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में खेतों से मोटर पंप व सबमर्सिबल पंप चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पांच मोटर पंप, दो सेट सबमर्सिबल पंप और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।

लगातार चोरी की घटनाओं में संलिप्तता पाए जाने पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 एवं 3(5) भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। बरामद मोटरसाइकिल की चोरी के संबंध में मणिपुर थाने में पहले से मामला दर्ज है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।


अन्य पोस्ट