सरगुजा

कारोबारियों को राहत दिलाने कैट की पहल
23-Sep-2026 7:54 PM
कारोबारियों को राहत दिलाने कैट की पहल

एसबीआई के सहयोग से सिक्का वितरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 23 सितंबर। शहर के बाजार में सिक्कों की कमी से व्यापारियों को हो रही परेशानी को देखते हुए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) सरगुजा ने पहल की है। कैट एवं भारतीय स्टेट बैंक के संयुक्त सहयोग से बुधवार को होटल अलंकार ग्रीन में सिक्का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने पहुंचकर सिक्के प्राप्त किए।

कार्यक्रम के दौरान एसबीआई के कर्मचारियों और कैट की टीम ने व्यापारियों को 5, 10 और 20 रुपये के सिक्कों का वितरण किया। कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी होटल पहुंचे। भारी भीड़ और सिक्कों की अधिक मांग के चलते उपलब्ध सिक्के अपेक्षा से कम समय में ही समाप्त हो गए।

कैट सरगुजा ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि जल्द ही दोबारा सिक्का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए भारतीय स्टेट बैंक से समन्वय कर पर्याप्त मात्रा में सिक्कों के साथ 10 रुपये के नोट भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

कैट पदाधिकारियों ने बताया कि बाजार में छोटे मूल्य के नोट और सिक्कों की कमी के कारण व्यापारियों को ग्राहकों को शेष राशि लौटाने में परेशानी होती है। कई बार छुट्टे पैसे उपलब्ध नहीं होने से लेन-देन प्रभावित होता है। सिक्कों की उपलब्धता बढऩे से व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में कैट छत्तीसगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी, उपेंद्र गुप्ता, कैट सरगुजा अध्यक्ष रंजय स्वर्णकार, अभिषेक सिंह, अमित अग्रवाल, अजीत अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, महेंद्र सिंह टुटेजा, मुकेश शर्मा, मुकेश मनोकामना सहित कैट पदाधिकारी, सदस्य तथा एसबीआई के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान कई व्यापारियों ने कैट की पहल की सराहना करते हुए संगठन की सदस्यता लेने में रुचि भी जताई।


अन्य पोस्ट