सरगुजा
पिता ने ससुराल पक्ष पर प्रताडऩा का लगाया आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर/मैनपाट, 22 सितंबर। मैनपाट थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चार माह पहले विवाह के बंधन में बंधी 20 वर्षीय महिला ने चूहा मार दवा का सेवन कर लिया था। गंभीर हालत में उसे अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के पिता ने पति सहित ससुराल पक्ष पर प्रताडऩा के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार सूरजपुर के प्रगतिनगर निवासी वर्षा यादव का विवाह 1 मई 2026 को मैनपाट क्षेत्र के लुरैना निवासी अजय यादव के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। 17 सितंबर को वर्षा ने अपने पिता उमेश यादव को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजा था, जिसमें उसने कथित तौर पर जीवन से निराश होने की बात कही थी।
संदेश मिलने के कुछ समय बाद वर्षा के पति अजय ने उसके पिता को फोन कर तबीयत बिगडऩे की जानकारी दी। उसने बताया कि वर्षा को अंबिकापुर के मिशन अस्पताल ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। चूहा मार दवा के सेवन की जानकारी सामने आने के बाद वर्षा को आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां कई दिनों तक उसका उपचार चला।
परिजनों के मुताबिक 19 सितंबर को वर्षा ने पिता से बातचीत के दौरान ससुराल में उसके साथ ठीक व्यवहार नहीं होने की बात कही थी। हालांकि उपचार के दौरान उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और 22 सितंबर की सुबह उसने दम तोड़ दिया।
मृतका के पिता उमेश यादव ने पुलिस को दिए बयान में ससुराल पक्ष पर प्रताडि़त करने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार 15 सितंबर को वर्षा ने फोन पर अपनी परेशानी बताई थी। पिता का दावा है कि बेटी ने पति द्वारा मारपीट करने और गला दबाने की कोशिश किए जाने की बात कही थी। उन्होंने यह भी बताया कि वर्षा आगे एमएससी की पढ़ाई जारी रखना चाहती थी और ससुराल पक्ष की सहमति से पढ़ाई आगे बढ़ाने की योजना थी।
नवविवाहिता की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नायब तहसीलदार जयेश कंवर ने मौके पर पहुंचकर मृतका के पिता और अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।