सरगुजा

संत गहिरा गुरु विवि को मिले 5 राज्य स्तरीय रासेयो पुरस्कार
22-Sep-2026 8:48 PM
संत गहिरा गुरु विवि को मिले 5 राज्य स्तरीय रासेयो पुरस्कार

 विश्वविद्यालय स्तर पर राज्य चयन सूची में पहला स्थान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,22 सितंबर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा ने राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) के राज्य स्तरीय पुरस्कार वर्ष 2025-26 में विभिन्न श्रेणियों में पांच पुरस्कार हासिल किए हैं। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी राज्य चयन सूची के अनुसार विश्वविद्यालय स्तर की श्रेणी में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, अंबिकापुर को पहला स्थान मिला है।

राज्य स्तरीय रासेयो पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह 24 सितंबर को रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय को मिले पांच पुरस्कारों में विश्वविद्यालय स्तर के अलावा संस्था एवं स्वयंसेवक स्तर के पुरस्कार शामिल हैं।

संस्था (इकाई) स्तर की श्रेणी में सरगुजा जिले के सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय, अंबिकापुर को पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। स्वयंसेवक स्तर (महाविद्यालय) में राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर के शिवम शर्मा तथा शासकीय राम भजन राय एनईएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर नगर की नेहा यादव का चयन हुआ है।

स्वयंसेवक स्तर (विद्यालय) में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अधिना, सलका, सूरजपुर की मीना राजवाड़े को पुरस्कार के लिए चुना गया है।

संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के रासेयो प्रकोष्ठ के अंतर्गत 158 इकाइयां संचालित हैं। इनमें महाविद्यालय एवं विद्यालय स्तर की इकाइयां सरगुजा संभाग के छह जिलों में कार्यरत हैं। रासेयो स्वयंसेवकों द्वारा समाजसेवा, सामुदायिक सहभागिता और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्य किए जाते हैं।

विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले ने पुरस्कार विजेताओं, कार्यक्रम अधिकारियों, प्राचार्यों और रासेयो परिवार को बधाई दी।

उन्होंने कहा, स्वयंसेवकों का समर्पण राष्ट्र निर्माण की नींव है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान स्वयंसेवकों और कार्यक्रम प्रभारियों के परिश्रम, समाजसेवा के प्रति प्रतिबद्धता और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जुडऩे के लिए प्रेरित करेगी।

रासेयो कार्यक्रम समन्वयक डॉ. एसएन पांडेय ने कहा कि पुरस्कार विश्वविद्यालय की इकाइयों द्वारा जमीनी स्तर पर किए जा रहे सामाजिक कार्यों का परिणाम है। जिला संगठक खेमकरण अहिरवार ने भी चयनित स्वयंसेवकों और संस्थाओं को बधाई दी।


अन्य पोस्ट