सरगुजा

सूने मकान का ताला तोड़ चोरी, 4 नाबालिग पकड़ाए
22-Sep-2026 8:46 PM
सूने मकान का ताला तोड़ चोरी, 4 नाबालिग पकड़ाए

अंबिकापुर, 22 सितंबर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के चोपड़ापारा में सूने मकान का ताला तोडक़र चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और आर्टिफिशियल ज्वेलरी समेत करीब 20 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। प्रकरण में कार्रवाई के बाद सभी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार चोपड़ापारा निवासी विकास पाण्डेय ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ग्रेटर नोएडा में कार्यरत हैं, जबकि उनकी सास का चोपड़ापारा स्थित मकान है। सास के बाहर जाने के कारण मकान कुछ समय से सूना था। 20 सितंबर को मकान के माली ने दरवाजा टूटा होने की सूचना दी। इसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो अलमारी के लॉकर से सोने की चेन, अंगूठी, तीन मोबाइल फोन और एक लाख रुपये नकद गायब मिले।

मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर कुछ लडक़ों के घर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम देने की जानकारी सामने आई। रिपोर्ट पर गांधीनगर पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(3), 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटना में शामिल चार विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान कर उन्हें पूछताछ के लिए लिया। पूछताछ में उन्होंने सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर दो मोबाइल फोन और आर्टिफिशियल ज्वेलरी बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान सोने की चेन और अन्य आभूषणों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई। मामले में साक्ष्य छिपाने की बात सामने आने पर बीएनएस की धारा 238 और 3(5) भी जोड़ी गई। इसके बाद विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।


अन्य पोस्ट