सरगुजा

अंबिकापुर से वाराणसी की हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद, विंटर शेड्यूल डीजीसीए को भेजा
22-Sep-2026 8:45 PM
अंबिकापुर से वाराणसी की हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद, विंटर शेड्यूल डीजीसीए को भेजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 22 सितंबर। सरगुजा संभाग के लिए हवाई कनेक्टिविटी विस्तार की दिशा में एक और पहल सामने आई है। एलायंस एयर ने रायपुर से अंबिकापुर होकर वाराणसी के लिए उड़ान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया है। कंपनी ने प्रस्तावित विंटर फ्लाइट शेड्यूल स्वीकृति के लिए डीजीसीए को भेजा है। प्रस्ताव के अनुसार इस मार्ग पर सप्ताह में दो दिन विमान सेवा संचालित किए जाने की संभावना है। इसके अलावा सप्ताह में एक दिन रायपुर-अंबिकापुर होते हुए रांची या पटना के लिए उड़ान शुरू करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।

एलायंस एयर ने इससे पहले बिलासपुर-अंबिकापुर के रास्ते दिल्ली और कोलकाता के लिए विमान सेवा शुरू की थी। यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रहने के कारण कोलकाता की उड़ान बाद में बंद कर दी गई। फिलहाल अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को उड़ान संचालित हो रही है।

दिल्ली फ्लाइट के दिन घटने की चर्चा

विंटर शेड्यूल में दिल्ली की मौजूदा सेवा को सप्ताह में दो दिन से घटाकर एक दिन किए जाने की चर्चा है। हालांकि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि नए रूट शुरू किए जाने की संभावनाओं के बीच शेड्यूल में बदलाव किया जा सकता है।

एलायंस एयर ने 21 अक्टूबर के बाद की बुकिंग भी फिलहाल शुरू नहीं की है।

उधर, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर दिल्ली की उड़ान कम करने के बजाय उसे सप्ताह में चार दिन संचालित करने की मांग की है। उनका कहना है कि मौजूदा सेवा में यात्रियों की संख्या पर्याप्त है।

डीजीसीए की मंजूरी के बाद तस्वीर होगी साफ

मां महामाया एयरपोर्ट के निदेशक सुशील श्रीवास्तव के अनुसार वर्तमान में दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन विमान सेवा संचालित हो रही है। विंटर शेड्यूल को लेकर अभी एयरपोर्ट प्रबंधन को आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। डीजीसीए से मंजूरी मिलने के बाद ही उड़ानों के नए शेड्यूल की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने बताया कि एलायंस एयर की ओर से वाराणसी के साथ रांची या पटना के लिए भी सेवा शुरू करने की पहल की गई है।

यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो अंबिकापुर से वाराणसी समेत अन्य शहरों के लिए हवाई कनेक्टिविटी बढऩे से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा।


अन्य पोस्ट