सरगुजा

नाबालिग को शादी का झांसा- रेप, आरोपी गोवा से बंदी
21-Sep-2026 9:28 PM
नाबालिग को शादी का झांसा- रेप, आरोपी गोवा से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 21 सितंबर। नाबालिग को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ रेप करने के मामले में लखनपुर पुलिस ने आरोपी को गोवा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने लखनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला जांच में लिया।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम नाबालिग की तलाश में जुटी थी। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने नाबालिग को आरोपी महेश मिंज के कब्जे से गोवा के कुकली से बरामद किया। पूछताछ में नाबालिग ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन रेप किया।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी महेश मिंज लखनपुर, जिला सरगुजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 जोड़ी हैं। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


अन्य पोस्ट