सरगुजा

जयघोष और महाआरती से गूंजा हाथी पखाना स्थित गणपति धाम
21-Sep-2026 9:26 PM
जयघोष और महाआरती से गूंजा हाथी पखाना स्थित गणपति धाम

सुख, समृद्धि, शांति और सर्वमंगल की कामना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,21 सितंबर। हाथी पखाना स्थित गणपति धाम में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान गणेश की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। ‘जय गणेश देवा’ के जयघोष, ढोल-नगाड़ों और मंदिर परिसर में गूंजती घंटियों के बीच विधिवत पूजा-अर्चना और महाआरती संपन्न हुई। नगर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए।

महाआरती में विभिन्न समाजों के श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। पूजा-अर्चना और हवन के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया तथा भगवान गणेश से सुख, समृद्धि, शांति और सर्वमंगल की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान गणपति धाम का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणपति धाम में होने वाली महाआरती श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

समिति के संरक्षक भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि हाथी पखाना स्थित गणपति धाम लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा गणपति धाम क्षेत्र के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने हाल ही में लॉन्च किए गए ‘गणपति सुविधा ऐप’ की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम का संचालन विनोद हर्ष एवं नरेंद्र सिंह टुटेजा ने किया। उन्होंने कहा कि गणपति उत्सव धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। समिति अध्यक्ष शैलेष सिंह शैलू ने अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

महाआरती में ललन प्रताप सिंह, अजय अग्रवाल, मंजूषा भगत, निरूपा सिंह, द्वितेन्द्र मिश्रा, एचएस जायसवाल, दिव्या सिंह सिसोदिया, हरमिंदर सिंह टिन्नी, मनीष सिंह, अरुणा सिंह, उमेश जायसवाल, विद्यानंद मिश्रा, मधुसूदन शुक्ला, निलेश सिंह, शशिकांत जायसवाल, रूपेश दुबे सहित बड़ी संख्या में नगरवासी, ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट