सरगुजा

एक करोड़ की उठाईगिरी में दूसरा आरोपी ओडिशा से बंदी
21-Sep-2026 9:24 PM
एक करोड़ की उठाईगिरी में दूसरा आरोपी ओडिशा से बंदी

46 लाख के सोने-चांदी के आभूषण पहले हो चुके हैं बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 सितंबर। सरगुजा जिला के सीतापुर में करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की उठाईगिरी के मामले में सरगुजा पुलिस ने दूसरे आरोपी को ओडिशा के जाजपुर जिले से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर वारदात को अंजाम देने में शामिल था। मामले में पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 46 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं।

पुलिस के मुताबिक 26 जुलाई को सीतापुर निवासी अरुणदेव सोनी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल सीतापुर के पास उनकी काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स नाम से दुकान है। घटना के दिन सुबह करीब 11.30 बजे वह स्कूटी से ज्वेलरी का बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। दुकान के पास स्कूटी में बैग रखकर शटर खोलने के दौरान अज्ञात व्यक्ति बैग लेकर फरार हो गया। बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई थी। रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में अपराध दर्ज किया गया था।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में साइबर सेल और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी दास नागेश्वर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिसकी कीमत लगभग 43 लाख रुपये, तथा करीब 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये है, बरामद किए गए थे।

फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान टीम ने जाजपुर, ओडिशा से शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू (30), निवासी पुरबो कोट, थाना कोरई, जिला जाजपुर को पकड़ा। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर उठाईगिरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद प्रकरण में धारा 111(2) और 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है।

पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।


अन्य पोस्ट