सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 सितंबर। अंबिकापुर नगर के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित उपसंचालक कृषि विभाग के कार्यालय में सोमवार को उस समय हडक़ंप मच गया, जब कार्यालय समय के दौरान तकनीकी शाखा की छत के प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। जिस समय प्लास्टर का हिस्सा गिरा, उस वक्त कर्मचारी कार्यालय में मौजूद थे। गनीमत रही कि मलबे की चपेट में कोई कर्मचारी नहीं आया और सभी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कर्मचारियों के अनुसार कृषि विभाग का यह कार्यालय भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है। भवन की छत और दीवारों की स्थिति ऐसी हो गई है कि यहां काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हर समय खतरे के साए में काम करने को मजबूर हैं। कर्मचारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी कार्यालय के एक अन्य कक्ष की छत के प्लास्टर का हिस्सा इसी तरह भरभराकर नीचे गिर गया था। उस घटना में भी लोग बाल-बाल बचे थे।
बताया गया कि कार्यालय के कई कमरों में बारिश के दौरान जगह-जगह पानी टपकता है। दीवारों में भी कई स्थानों पर दरारें पड़ चुकी हैं। छत की हालत भी खराब है। ऐसे में कार्यालय भवन की स्थिति को लेकर कर्मचारियों में भय बना हुआ है। उनका कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत या कार्यालय को किसी सुरक्षित भवन में स्थानांतरित नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सोमवार को छत का हिस्सा गिरने की घटना के बाद कर्मचारियों ने भवन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। कर्मचारियों ने मांग की है कि कृषि विभाग के कार्यालय को जर्जर भवन से हटाकर किसी सुरक्षित एवं अन्यत्र भवन में संचालित किया जाए, ताकि अधिकारी-कर्मचारी बिना किसी खतरे के अपना काम कर सकें।