सरगुजा
मंत्री राजेश अग्रवाल ने संभागीय भवन के लिए भूमि और राशि की घोषणा की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 सितंबर। सरगुजा संभागीय सर्व ब्राह्मण समाज की महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक रविवार को होटल सिमरन में आयोजित हुई। बैठक में सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से समाज के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान संगठन के विस्तार, समाज की एकजुटता, महिला सहभागिता, सामाजिक समरसता तथा संभागीय कार्यालय एवं भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत महिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रजनी रविशंकर त्रिपाठी के संबोधन से हुई। उन्होंने समाज की महिलाओं को अधिक संख्या में संगठन से जोडऩे पर जोर दिया। साथ ही कार्यकारिणी की बैठकें संभाग के अलग-अलग जिलों में आयोजित करने का सुझाव दिया, ताकि सभी जिलों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में संभागीय कार्यालय एवं भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग मंत्री राजेश अग्रवाल के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया। समाज के संयोजक अभिषेक शर्मा ने मंत्री से दूरभाष पर चर्चा कर मांग-पत्र सौंपने के लिए मिलने की इच्छा जताई थी। इसके बाद मंत्री राजेश अग्रवाल लखनपुर से स्वयं होटल सिमरन पहुंचे और समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने संभागीय कार्यालय एवं भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक धनराशि प्रदान करने की घोषणा की। इस पर समाज के सदस्यों ने उनका आभार जताया।
बैठक को संबोधित करते हुए रविंद्र तिवारी ने विगत सप्ताह हुए घटनाक्रम के दौरान समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा दिए गए सहयोग और एकजुटता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति उसकी एकता और अनुशासन में निहित है।
समाज को आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ आगे बढऩे की आवश्यकता है।
संभागीय अध्यक्ष आई.बी. तिवारी ने संगठन की आगामी गतिविधियों और कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरगुजा संभागीय सर्व ब्राह्मण समाज केवल ब्राह्मण समाज तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सर्व समाज को संगठित कर प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए सकारात्मक भूमिका निभाएगा। उन्होंने सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और समरसता को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करने की बात कही।
बैठक में नीलम शर्मा, प्रेमशंकर द्विवेदी, सचिव बच्चू तिवारी, सत्येंद्र तिवारी, ब्रिजेंद्र पांडेय सहित सूरजपुर एवं बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के प्रतिनिधियों ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं जनहित से जुड़े कार्यों को विस्तार देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन अभिषेक शर्मा ने किया। अंत में पार्षद श्रीमती ममता तिवारी ने सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में संगठन के विस्तार और सामाजिक गतिविधियों को लेकर सदस्यों में उत्साह देखा गया।