सरगुजा

सकलो पिग फार्म में एएसएफ वैक्सीन का ट्रायल सफल
20-Sep-2026 8:43 PM
सकलो पिग फार्म में एएसएफ वैक्सीन का ट्रायल सफल

आईसीएआर के वैज्ञानिकों ने संभागायुक्त को दी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 20 सितंबर। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की भोपाल स्थित हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज लैब के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सेंथिल और डॉ. फतेह ने सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गे से सौजन्य मुलाकात कर सकलो-अंबिकापुर स्थित शासकीय पिग फार्म में अफ्रीकन स्वाइन फीवर की वैक्सीन के सफल ट्रायल की विस्तृत जानकारी दी।

वैज्ञानिकों ने बताया कि सकलो स्थित शासकीय पिग फार्म में मार्च 2026 से वैक्सीन का ट्रायल चल रहा था। ट्रायल के सफल परिणाम के बाद इस वैक्सीन को 16 जुलाई को आईसीएआर के फाउंडेशन डे के अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश को समर्पित किया।

अफ्रीकन स्वाइन फीवर शूकरों में होने वाली वायरस जनित गंभीर बीमारी है। यह घरेलू और जंगली दोनों प्रकार के शूकरों को प्रभावित करती है। बीमारी के कारण शूकरों की मृत्यु होने से पशुपालकों को लंबे समय से आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता रहा है। ऐसे में वैक्सीन के विकसित होने और सफल ट्रायल से शूकर पालकों को बीमारी से होने वाले नुकसान से राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान डॉ. अजय अग्रवाल और डॉ. सीके मिश्रा भी उपस्थित रहे। वैज्ञानिकों ने संभागायुक्त को वैक्सीन के ट्रायल, उसके परिणाम और शूकर पालन क्षेत्र में इसके संभावित लाभों की जानकारी दी।


अन्य पोस्ट