सरगुजा
मंत्री राजेश अग्रवाल ने शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता पर दिया जोर
अंबिकापुर में जुटा अग्रवाल समाज, सीएम बोले-परिश्रमी, उद्यमी और परोपकारी समाज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 19 सितंबर। अंबिकापुर शहर के होटल ग्रैंड वसंत में आयोजित अग्र महाकुंभ 2026 के प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह का आयोजन शनिवार को किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की।
मां महामाया की पावन नगरी अंबिकापुर में आयोजित अग्र महाकुंभ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्रसेन जयंती पर छुट्टी की घोषणा की। मुख्यमंत्री की घोषणा का समाजजनों ने स्वागत किया। उन्होंने अग्रवाल समाज को परिश्रमी, उद्यमी और परोपकारी बताते हुए कहा कि व्यापार और उद्योग के साथ सामाजिक सेवा तथा जरूरतमंदों की सहायता में इस समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनका बचपन अग्रवाल समाज के बीच बीता है। अग्रवाल समाज परिश्रम से धन अर्जित करने के साथ दान-पुण्य और धर्म-कर्म में भी हमेशा आगे रहता है। सामूहिक कन्या विवाह, सांझा चूल्हा, धर्मशाला निर्माण, चिकित्सा एवं नेत्र शिविर जैसे अनेक सेवा कार्य समाज की परोपकारी भावना को दर्शाते हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी अग्रवाल समाज ने आइसोलेशन सेंटर, ऑक्सीजन, उपचार और जरूरतमंदों के भोजन की व्यवस्था में आगे बढक़र योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चलते हुए अग्रवाल समाज व्यापार और उद्योग के माध्यम से छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के विकास में योगदान दे रहा है और बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने प्रदेश की नई औद्योगिक नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम सहित कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए हैं। स्थानीय लोगों को बड़े स्तर पर रोजगार देने वाले उद्योगों के लिए विशेष प्रोत्साहन का भी प्रावधान है। उन्होंने समाज की ओर से रखी गई विभिन्न मांगों पर सरकार द्वारा विचार करने की बात कही।इसी दौरान अग्रसेन जयंती पर अवकाश की मांग पर मुख्यमंत्री ने छुट्टी की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने समारोह में समाज के अग्र महाकुंभ पत्रिका का भी विमोचन किया।
इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि अग्र महाकुंभ केवल सामाजिक सम्मेलन नहीं, बल्कि सामूहिक चेतना, संगठन शक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और भविष्य की दिशा पर विचार करने का महत्वपूर्ण मंच है। महाराजा अग्रसेन की व्यवस्था के मूल में समानता, सहयोग, संवेदनशीलता और सहभागिता की भावना थी।
उन्होंने कहा कि समाज को अपनी संगठनात्मक क्षमता शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, स्वास्थ्य और सामाजिक सहयोग के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी बनानी होगी। युवाओं के लिए मार्गदर्शन, नेटवर्किंग और नए अवसरों का मजबूत तंत्र विकसित करने के साथ मातृशक्ति को शिक्षा, व्यवसाय और सामाजिक नेतृत्व में आगे बढऩे के अधिक अवसर देने होंगे। कार्यक्रम को अंबिकापुर अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजय मित्तल ने भी संबोधित किया।उन्होंने कहा कि समाज में सादगी के साथ शादी विवाह सहित कई निर्णय को लेकर हम हामी तो भर देते हैं लेकिन धरातल पर उसका क्रियान्वयन नहीं हो पाता है,उन्होंने कहा कि समाज के सभी वरिष्ठजनों को पहले इस पर अमल कर देखना चाहिए कि क्या इसे हम निभा पाएंगे उसके बाद ही निर्णय लेना चाहिए।
अग्र महाकुंभ के मंच पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक संपत अग्रवाल, पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, सियाराम अग्रवाल, अध्यक्ष सुनील रामदास, सरगुजा संभाग अग्रवाल महासभा अध्यक्ष पवन अग्रवाल, अग्रवाल सभा अंबिकापुर अध्यक्ष संजय मित्तल, दुर्गा संजय मित्तल तथा डॉ. अशोक अग्रवाल सहित समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत और नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी भी मौजूद रहे। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति और युवा भी अग्र महाकुंभ में शामिल हुए।