सरगुजा

रसूलपुर हत्याकांड में 5वां आरोपी बंदी
19-Sep-2026 9:30 PM
रसूलपुर हत्याकांड में 5वां आरोपी बंदी

दामाद पर ससुर की हत्या की साजिश का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,19 सितंबर। कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर में किराए का मकान देखने के बहाने घर में घुसकर वसीरुद्दीन सिद्दीकी पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गंभीर रूप से घायल वसीरुद्दीन की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मामले में पुलिस पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है।

पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर की सुबह करीब 10.15 बजे तीन लोग किराए का मकान देखने के बहाने रसूलपुर निवासी सादिया शारीन सिद्दीकी के घर पहुंचे थे। वहां उसके पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी से मकान के संबंध में बातचीत के दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि सादिया का पति मो. नाजिम शबा के साथ तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व में नाजिम शबा द्वारा केस वापस नहीं लेने पर सादिया और उसके मायके पक्ष को जान से मारने की धमकी देने की बात सामने आई थी। पुलिस ने मामले में हत्या समेत संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन तथा एएसपी रितेश चौधरी और सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली थाना एवं साइबर सेल की टीम ने जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश के लिए जिले में नाकेबंदी व सघन चेकिंग की गई।

पुलिस ने मामले में पूर्व में नाजिम शबा, कंचन कुमार, नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू और अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता को गिरफ्तार किया था। विवेचना के दौरान मृतक के मरणासन्न कथन और गवाहों के बयानों के आधार पर 65 वर्षीय मोईन मियां को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। कार्रवाई में कोतवाली एवं साइबर सेल की टीम के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।


अन्य पोस्ट