सरगुजा
एक आरोपी बंदी, एक की तलाश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,19 सितंबर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सुपरवाइजर की नौकरी लगाने के नाम पर 5.50 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में लखनपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोसंगा निवासी उषा दास ने लखनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 अगस्त 2024 से 30 नवंबर 2024 के बीच चेतन दास पड़वार और उसके सहयोगी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नौकरी लगाने के नाम पर उससे 3.50 लाख रुपये लिए थे। वहीं, उसकी सहेली रूकमणी सिदार से सुपरवाइजर की नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख रुपये लिए गए थे। नौकरी नहीं लगने पर रकम वापस मांगने पर आरोपी द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौज एवं मारपीट की धमकी देकर टालमटोल की जा रही थी।
शिकायत के आधार पर लखनपुर थाने में अपराध क्रमांक 95/25 के तहत धारा 318(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी चेतन सिंह पड़वार सोनतरई, थाना लखनपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने ठगी की घटना स्वीकार की तथा अपने हिस्से में मिली रकम खर्च हो जाने की बात बताई। अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।