सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 17 सितंबर। सरगुजा जिले में टीबी से होने वाली अकाल मृत्यु रोकने और संक्रमित मरीजों की समय रहते पहचान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत टीबी मुक्त भारत अभियान में जिले के सभी विकासखंडों में संभावित मरीजों की सघन जांच की जा रही है। अब तक 783 लोगों की छाती का एक्स-रे कराया गया है, जबकि इनमें से 47 संदिग्ध लोगों की बलगम जांच कराई गई है।
जिला क्षय अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता के अनुसार जांच में टीबी की पुष्टि होने वाले मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर तत्काल उपचार शुरू कराया जा रहा है। वर्तमान आंकड़ों के अनुसार सरगुजा में टीबी से संक्रमित लगभग प्रत्येक 100 मरीजों में 3 मरीजों की मृत्यु होती है। इस आंकड़े को कम करने के लिए बीमारी की जल्द पहचान, नियमित उपचार और पोषण सहायता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अभियान में टीबी मरीजों तक ही जांच सीमित नहीं रखी गई है। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए परिवार के सदस्यों एवं अन्य पात्र लोगों की भी जांच की जा रही है। जिनमें सक्रिय टीबी नहीं मिलती, उन्हें चिकित्सकीय सलाह के अनुसार बचाव की दवाइयां दी जा रही हैं, ताकि भविष्य में टीबी विकसित होने का खतरा कम किया जा सके।
टीबी की पुष्टि होने पर मरीजों को शासन की ओर से उपलब्ध सुविधाओं से भी जोड़ा जा रहा है। उपचार अवधि के दौरान प्रत्येक मरीज को एक हजार रुपये प्रतिमाह की दर से छह महीने तक पोषण सहायता दी जा रही है। इसके अलावा सामाजिक सरोकार के तहत जिला स्तर पर मरीजों को 500 रुपये मूल्य का खाद्य पैकेट भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
ठीक हो चुके मरीजों पर भी नजर
स्वास्थ्य शिविरों में नए संभावित मरीजों की जांच के साथ टीबी से स्वस्थ हो चुके मरीजों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं फॉलोअप भी किया जा रहा है। स्क्रीनिंग से लेकर जांच, उपचार और फॉलोअप तक की जानकारी निक्षय पोर्टल पर दर्ज की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रूप से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों, मधुमेह के मरीजों, बार-बार बीमार पडऩे वाले व्यक्तियों और टीबी के लक्षण वाले लोगों से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की है।
विभाग का कहना है कि समय पर पहचान और पूरा उपचार होने पर टीबी को ठीक किया जा सकता है तथा गंभीर जटिलताओं और मृत्यु के खतरे को कम किया जा सकता है।