सरगुजा

कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण शिविर शुरू
15-Sep-2026 9:12 PM
कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण शिविर शुरू

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बोले- संगठन को मजबूत करने

बूथ स्तर तक जारी रहेगा प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,15 सितंबर। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत सरगुजा संभाग स्तरीय ब्लॉक अध्यक्ष एवं मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण शिविर मंगलवार से होटल मयूरा में शुरू हुआ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत और प्रभारी प्रदेश संगठन महामंत्री मलकीत गैदु ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा कांग्रेस से जुड़ी महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर शिविर का शुभारंभ किया।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में सरगुजा संभाग के छह जिलों के 49 संगठनात्मक ब्लॉक के अध्यक्षों के साथ सभी जिलों के 12 मास्टर ट्रेनर शामिल हो रहे हैं। उद्घाटन सत्र में संभाग के सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण से शुरू हुई प्रक्रिया अब ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों के प्रशिक्षण तक पहुंची है। इसके बाद यह प्रशिक्षण बूथ स्तर तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को एक दिशा देने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया है। कांग्रेस आगामी चुनावों की तैयारियों में भी जुट गई है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि पार्टी ऐसे कार्यकर्ताओं की मजबूत इकाई तैयार करने की दिशा में काम कर रही है, जो निरंतर पार्टी के जनाधार को बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाए। उदयपुर अधिवेशन के संकल्प के अनुरूप कांग्रेस बूथ स्तर तक मजबूत संगठन तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उद्घाटन सत्र का संचालन मुख्य प्रशिक्षक युगल किशोर पांडेय ने किया।

पहले दिन पांच प्रशिक्षण सत्र

प्रशिक्षण के पहले दिन उद्घाटन सत्र के अलावा पांच अन्य सत्र आयोजित किए गए। टीएस सिंहदेव ने राजस्व व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति पर प्रशिक्षण दिया। पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने खनिज संपदा के दोहन और वनों के विनाश से जुड़े विषयों पर बात रखी।

 जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने आयोग की कार्यशैली और जनजातीय अधिकारों की जानकारी दी। प्रशिक्षक युगल किशोर पांडेय ने प्रशिक्षण की आवश्यकता और संगठन सृजन अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वहीं प्रशिक्षक अशोक चतुर्वेदी ने कांग्रेस के इतिहास और विचारधारा से प्रशिक्षुओं को अवगत कराया।

शिविर के दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू, एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी सहित अन्य वक्ता ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को संगठनात्मक कार्यों से जुड़े टिप्स देंगे।


अन्य पोस्ट