सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 15 सितंबर। भाजपा कार्यालय संकल्प भवन में मंगलवार को कैबिनेट मंत्री एवं विधायक राजेश अग्रवाल ने प्रेसवार्ता कर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की रूपरेखा की जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले इस अभियान के तहत सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकसित भारत 2047 के संकल्प को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा हर वर्ष प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा आयोजित करती है, लेकिन इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के कारण अभियान को विशेष रूप दिया गया है। 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होंगे। अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को रक्तदान शिविर के साथ शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान चलेगा। वहीं 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, भाषण एवं ड्राइंग प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन संवाद’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा के माध्यम से विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। युवा मोर्चा द्वारा वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक सेवा यात्राएं निकाली जाएंगी।
अभियान के जिला समन्वयक एवं सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि यह केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है।
कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि सरकार की योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाएं। उन्होंने बूथ स्तर तक अभियान को प्रभावी बनाने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही।
प्रेसवार्ता में सांसद चिंतामणि महाराज, जिला महामंत्री विनोद हर्ष, अरुणा सिंह और जिला संवाद प्रमुख रूपेश दुबे सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। नेताओं ने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा संकल्प को जन-जन तक पहुंचाते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प को मजबूत किया जाएगा।