सरगुजा
सरगुजा संभाग के 49 ब्लॉक अध्यक्ष और 12 मास्टर ट्रेनर लेंगे
प्रशिक्षण, कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,14 सितंबर। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत सरगुजा संभाग के छह जिलों में नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार से अंबिकापुर के होटल मयूरा में शुरू होगा। प्रशिक्षण शिविर में संभाग के 49 संगठनात्मक ब्लॉकों के अध्यक्षों और 12 मास्टर ट्रेनरों को पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनमुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी संगठन महामंत्री मलकीत गैदू ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य ब्लॉक से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ पार्टी की विचारधारा को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना है। प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को बस्तर संभाग से हुई थी। इसके बाद दुर्ग और बिलासपुर संभाग में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। सरगुजा संभाग का प्रशिक्षण 15 से 17 सितंबर तक चलेगा। इसके बाद रायपुर संभाग में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों के प्रशिक्षण के बाद मंडल और बूथ स्तर पर भी प्रशिक्षण कार्यक्रम होंगे।
तीन दिनों में होंगे 12 सत्र
15 सितंबर को दोपहर 12 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत होगी। तीन दिनों में कुल 12 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख प्रशिक्षकों के अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करेंगे। सभी ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों के ठहरने की व्यवस्था होटल मयूरा में की गई है। दूसरे और तीसरे दिन सुबह योग कक्षा भी आयोजित होगी।
प्रशिक्षण की गोपनीयता और एकाग्रता बनाए रखने के लिए शिविर स्थल पर प्रशिक्षकों और प्रशिक्षणार्थियों के अलावा अन्य लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी। शिविर की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कांग्रेस सेवादल को सौंपी गई है।
महंत, बघेल और सिंहदेव समेत वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेश तिवारी सहित वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के सोमवार शाम तक अंबिकापुर पहुंचने की संभावना है। प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों को लेकर प्रदेश संगठन महामंत्री मलकीत गैदू और प्रशिक्षण प्रभारी युगल किशोर पांडेय रविवार से अंबिकापुर में डेरा डाले हुए हैं।