सरगुजा
ओडिशा से यूपी ले जा रहे थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,14 सितंबर। सरगुजा पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 138.4 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो एन वाहन और दो मोबाइल फोन समेत करीब 90 लाख रुपए का मशरुका बरामद करते हुए उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर निगरानी के दौरान लुंड्रा पुलिस को 13 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग ओडिशा के ब्रह्मपुर से सफेद रंग की स्कॉर्पियो में गांजा लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरगडीह के पास नाकाबंदी कर घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर तस्कर स्कॉर्पियो छोडक़र पास के गन्ने के खेत में छिप गए। पुलिस टीम ने सर्चिंग अभियान चलाकर खेत से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान बलराज सिंह बिंद्रा (23), निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद और अजय बंसल उर्फ अजय बैसला (23), निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद के रूप में हुई। इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर स्कॉर्पियो एन वाहन की तलाशी ली, जिसमें 53 पैकेटों में कुल 138.4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 69 लाख रुपए, स्कॉर्पियो की कीमत करीब 20 लाख रुपए और दो मोबाइल फोन की कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है। कुल जब्ती करीब 90 लाख रुपए की है।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के ब्रह्मपुर से स्कॉर्पियो में लादकर उत्तर प्रदेश ले जाने की बात स्वीकार की।
गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर लुंड्रा थाने में अपराध क्रमांक 216/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। कार्रवाई में लुंड्रा थाना प्रभारी निरीक्षक असफाक अहमद अंसारी, रघुनाथपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक आरएन पटेल, एएसआई महेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक महेश कुमार सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।