सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 14 सितंबर। रविवार को तीज पर्व पारंपरिक श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक वातावरण के बीच मनाया गया। तीज को लेकर महिलाओं में सुबह से ही उत्साह देखने को मिला। शुभ मुहूर्त के अनुसार सुबह करीब 5 बजे से घरों में फुलैरा सजाकर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना शुरू की। दिनभर घरों और मोहल्लों में भजन-कीर्तन एवं आरती का दौर चलता रहा।
तीज पर्व को लेकर महिलाओं ने पहले से ही तैयारियां कर रखी थीं। सुबह स्नान आदि के बाद महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर पूजा में शामिल हुईं। घरों में फूल-पत्तियों और अन्य पूजन सामग्री से आकर्षक फुलैरा सजाया गया। इसके बाद महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद भी दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहा। महिलाओं के समूह ने अलग-अलग समय पर सामूहिक आरती की। इस दौरान पारंपरिक तीज गीतों के साथ भजन-कीर्तन भी हुए। कई स्थानों पर आसपास की महिलाएं एकत्रित होकर पूजा में शामिल हुईं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। महिलाओं ने व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना की। मान्यता है कि तीज का व्रत वैवाहिक जीवन में सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना से किया जाता है। अविवाहित युवतियां भी मनचाहे वर की कामना को लेकर यह व्रत रखती हैं। पूजा और व्रत का क्रम रात तक जारी रहेगा। सोमवार सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद महिलाएं पारण कर अपना व्रत पूर्ण करेंगी।