सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 14 सितंबर। गांधीनगर थाना क्षेत्र में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने एक कांग्रेसी नेता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा मृतिका को लगातार रोक-टोक करने और मानसिक रूप से प्रताडि़त किए जाने से वह परेशान थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 12 सितंबर को महिला का शव उसके निवास स्थान पर फांसी के फंदे से लटका मिला था। सूचना पर गांधीनगर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम कराया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतिका के परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। बयानों में ज्ञान प्रकाश तिवारी उर्फ ज्ञान तिवारी (27), निवासी मुक्तिपारा, थाना गांधीनगर द्वारा मृतिका को रोक-टोक करने और मानसिक रूप से प्रताडि़त करने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का अपराध पाए जाने पर गांधीनगर थाने में अपराध के तहत धारा 108 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।