सरगुजा
एक ही दिन दो बड़े पर्वों का उल्लास, गणेश प्रतिमाओं से सजे बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 13 सितंबर। शहर में सोमवार को आस्था और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। एक ओर महिलाएं अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु की कामना लेकर हरितालिका तीज का निर्जला व्रत रखेंगी, वहीं दूसरी ओर घरों और सार्वजनिक पंडालों में विघ्नहर्ता भगवान गणेश विराजेंगे। दोनों पर्वों को लेकर रविवार को शहर के बाजारों में खासी चहल-पहल रही। गणेश प्रतिमाओं से लेकर साड़ी, श्रृंगार और पूजा सामग्री की दुकानों पर देर तक खरीदारों की भीड़ दिखाई दी।
हरितालिका तीज को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह है। पर्व के लिए नई साडिय़ां, चूड़ी, बिंदी, मेहंदी और अन्य श्रृंगार सामग्री की जमकर खरीदारी हुई। पूजा के लिए फल-फूल और अन्य पूजन सामग्री की मांग भी बढ़ी रही। महिलाएं सोमवार को निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगी तथा सुखी दांपत्य जीवन एवं परिवार की खुशहाली की कामना करेंगी।
हरितालिका तीज के साथ सोमवार को गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की स्थापना भी की जाएगी। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक गणेशोत्सव समितियों ने पंडालों को अंतिम रूप दे दिया है। आकर्षक रोशनी और सजावट के बीच गणपति की प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
घरों में भी गणपति स्थापना को लेकर उत्साह है। परिवार अपनी पसंद और स्थान के अनुसार छोटी-बड़ी प्रतिमाएं खरीदकर ले जा रहे हैं। शहर के बाजार में करीब 700 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक की गणेश प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। अलग-अलग आकार और आकर्षक स्वरूप में तैयार प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को खूब लुभा रही हैं।
दो बड़े पर्व एक साथ होने से स्थानीय बाजार में त्योहार की रौनक छाई हुई है। साड़ी और कपड़ा दुकानों के साथ श्रृंगार सामग्री, पूजा सामग्री, फल-फूल एवं सजावटी सामान की दुकानों पर भी भीड़ रही। गणेशोत्सव समितियों के सदस्य भी पंडालों की सजावट और पूजन की तैयारियों के लिए जरूरी सामान खरीदते नजर आए। सोमवार से शहर में गणेशोत्सव की धूम शुरू होने के साथ ही पंडालों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला भी प्रारंभ होगा।
घरों में जहां गणपति बप्पा के आगमन की खुशियां होंगी, वहीं हरितालिका तीज पर महिलाओं की श्रद्धा और भक्ति से वातावरण भक्तिमय रहेगा।