सरगुजा

आईपीएस के बेटे से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार
13-Sep-2026 8:30 PM
आईपीएस के बेटे से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,13 सितंबर। आईपीएस अधिकारी के बेटे के साथ मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शहर में उनका जुलूस निकाला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर कोतवाली से न्यायालय तक पैदल ले जाकर पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई का उद्देश्य आरोपियों के प्रति लोगों में बने भय को खत्म करना और कानून व्यवस्था का संदेश देना था।

मामला बौरीपारा तालाब के पास 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे का है। आईपीएस रवि कुर्रे के पुत्र लेखांश कांत कुर्रे अपने दो दोस्तों के साथ बौरीपारा निवासी दोस्त के घर जा रहे थे। तालाब के पास कार रोककर वह मोबाइल पर दोस्त से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद युवकों से नाम लेने की बात को लेकर विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढऩे पर गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन और आशुतोष गुप्ता सहित अन्य युवकों ने लेखांश के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों के साथ बेल्ट और कड़े से भी हमला किया। मारपीट में सिर, चेहरे और कनपटी पर चोटें आईं। दोस्तों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसे आरोपियों से छुड़ाया।

पीडि़त की शिकायत के अनुसार मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके पिता के पुलिस अधिकारी होने का हवाला देते हुए चुनौती भी दी। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया था।

पुलिस ने मामले में गोलू गणेश और आशुतोष गुप्ता को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को हथकड़ी पहनाकर कोतवाली से गुरुनानक चौक, महामाया चौक, संगम चौक, देवीगंज रोड और घड़ी चौक होते हुए न्यायालय ले जाया गया।

 न्यायालय में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट