सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 सितंबर। पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर में डीआईजी एवं सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग, चालान, खात्मा, गुम इंसान, म्यूल अकाउंट और फरार आरोपियों से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए इनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
बैठक में थाना-चौकी प्रभारियों को अपराधों की विवेचना में डिजिटल व्यवस्था का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने कहा गया। सीसीटीएनएस पोर्टल पर ई-साक्ष्य, मालखाना और वीसीएनबी की प्रविष्टि के साथ आईआईएफ-1 से आईआईएफ-6 तक की ऑनलाइन एंट्री अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। एफआईआर अपलोड करने से पहले ई-सिग्नेचर करने तथा मेडिकल रिपोर्ट ऑनलाइन भेजने के लिए मेडलीएपीआर पोर्टल का उपयोग सुनिश्चित करने कहा गया। न्यायालय से जारी समंस, वारंट और नोटिस की तामिली प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए गए।
गुम इंसानों के मामलों में संबंधित के निवास स्थान पर जाकर भौतिक सत्यापन कर शीघ्र बरामदगी करने को कहा गया। गंभीर एवं संदिग्ध अपराधों में घटनास्थल पर एफएसएल टीम भेजकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने तथा जब्त लावारिस वाहनों की नीलामी और राजसात प्रकरणों में कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
आगामी त्योहारों को देखते हुए भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने तथा गश्त तेज करने कहा गया। असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
साइबर जागृति अभियान के तहत स्कूल-कॉलेज, सार्वजनिक स्थलों और सोसायटियों में प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने कहा गया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल सहित जिले के पुलिस अधिकारी एवं थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को ई-सिग्नेचर पेन, क्यूआर कोड स्कैनर, डिजिटल लाइव स्कैनर और थंब मशीन भी प्रदान किए गए।