सरगुजा

मेडिकल कॉलेज का निर्माण दिसंबर 2027 तक पूरा करने के निर्देश
12-Sep-2026 9:23 PM
मेडिकल कॉलेज का निर्माण दिसंबर 2027 तक पूरा करने के निर्देश

कलेक्टर ने कस्तूरबा व एकलव्य आवासीय विद्यालयों का भी किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,12 सितंबर। कलेक्टर अजीत वसंत एवं जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव ने शनिवार को गंगापुर स्थित निर्माणाधीन नवीन मेडिकल कॉलेज तथा लुण्ड्रा विकासखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और एकलव्य आवासीय विद्यालय सहनपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों के साथ विद्यालयों में शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, आवास और खेलकूद की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

गंगापुर मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्युत सेवाओं, गैस पाइप, एचवीएसी डक्ट, अग्निशमन एवं फायर अलार्म से संबंधित कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि सिविल कार्य में बाधा न आए। उन्होंने निर्माण कार्य में गति लाते हुए पूरे प्रोजेक्ट को दिसंबर 2027 तक पूर्ण करने कहा। साथ ही कार्यस्थल पर बाल मजदूरी नहीं कराने और सूचना पटल लगाने के निर्देश दिए।

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय लुण्ड्रा में कलेक्टर ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सीपेज वाली छत की सफाई, जलभराव वाले स्थान का भराव व समतलीकरण तथा कमरों में लगी तिरपाल हटाकर प्रोफाइल शीट लगाने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों से संवाद कर उन्होंने शिक्षकों की उपलब्धता, भोजन, स्वास्थ्य, खेलकूद और अभिभावकों से संपर्क की जानकारी ली।

एक छात्रा की आंखों के उपचार की आवश्यकता सामने आने पर कलेक्टर ने शंकर नेत्रालय हैदराबाद में उपचार की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों के लिए खेल व किक बॉक्सिंग सामग्री तथा कंप्यूटर शिक्षा के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से शिक्षक की व्यवस्था करने को कहा।

एकलव्य विद्यालय सहनपुर में पुस्तकालय के लिए साहित्य अकादमी और ज्ञानपीठ पुरस्कार प्राप्त रचनाकारों की पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। भोजन की गुणवत्ता सुधारने, सोलर गीजर लगाने, रैगिंग पर निगरानी रखने तथा निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अविनाश मिश्रा, अधीक्षक आरसी आर्य, एसडीएम विनय सोनी, तहसीलदार तुषार सहित अधिकारी, प्राचार्य और शिक्षक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट