सरगुजा

कुंवरपुर जलाशय परिसर में फलदार पौधों का रोपण
12-Sep-2026 9:22 PM
 कुंवरपुर जलाशय परिसर में फलदार पौधों का रोपण

पौधरोपण के साथ पौधों की सुरक्षा और देखरेख भी जरूरी-मंत्री राजेश अग्रवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर,12 सितंबर। जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जल संसाधन विभाग द्वारा शनिवार को कुंवरपुर जलाशय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक राजेश अग्रवाल शामिल हुए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न फलदार पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी सुरक्षा और नियमित देखरेख करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। एक पौधा सुरक्षित रहकर जब बड़ा वृक्ष बनता है, तभी उसका वास्तविक लाभ समाज और पर्यावरण को मिलता है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे शुद्ध वायु, छाया और फल देने के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को जलाशय परिसर में लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से अपने नाम से लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल वर्तमान की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा दायित्व है।

जलाशयों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास अधिक से अधिक पौधरोपण कर उनके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री साहू, जिला पंचायत सदस्य विजय अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी, जिला उपाध्यक्ष दिनेश साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे। जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी दीपक गोयल, अभियंता एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट