सरगुजा

फर्जी पट्टे से जमानत कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 7 बंदी
12-Sep-2026 9:21 PM
फर्जी पट्टे से जमानत कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 7 बंदी

अंबिकापुर, 12 सितंबर। न्यायालय में फर्जी दस्तावेज और जाली पट्टे पेश कर आरोपियों की जमानत कराने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस और साइबर सेल ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में पांच महिलाओं-पुरुषों सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से पांच फर्जी पट्टे, फर्जी आधार कार्ड, छह मोबाइल, एक होंडा एक्टिवा, लैपटॉप, दो प्रिंटर, की-बोर्ड और माउस जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग न्यायालय परिसर में पट्टा पुस्तिका और आधार कार्ड के माध्यम से जरूरतमंद आरोपियों से पैसे लेकर उनकी जमानत करा रहे हैं। सूचना पर डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश और एएसपी रितेश चौधरी तथा सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने कला केंद्र मैदान के चबूतरे के पास संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में बुधराम गोंड, अजय मानिकपुरी उर्फ जयलाल, रामेश्वरी यादव, दशमेत गोंड और ममता पैकरा उर्फ बिलासो के नाम सामने आए।

उनकी स्कूटी की डिक्की से पांच किसान पट्टे और एक आधार कार्ड मिला। जांच में दस्तावेज प्रथम दृष्टया फर्जी पाए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने फर्जी पट्टों के जरिए न्यायालय में कई लोगों की जमानत कराने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार पट्टे अंबिकापुर निवासी राज जायसवाल उपलब्ध कराता था। उसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर राज जायसवाल और फर्जी पट्टे तैयार करने के आरोप में शशिभूषण सिंह को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बिना जान-पहचान वाले लोगों को जमानत के लिए अपना पट्टा या ऋण पुस्तिका न दें, ताकि वे फर्जीवाड़े का शिकार होने से बच सकें।


अन्य पोस्ट