सरगुजा

श्रमिक कार्ड है मजदूर का असली सहारा, पंजीयन जीवित रखना जरूरी
12-Sep-2026 9:20 PM
श्रमिक कार्ड है मजदूर का असली सहारा, पंजीयन जीवित रखना जरूरी

युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय तोमर ने ग्रामीणों से किया संवाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,12 सितंबर। विकासखंड अंबिकापुर के ग्राम पंचायत सपना के पंचायत भवन में शुक्रवार को श्रमिक पंजीयन एवं नवीनीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मजदूर पंजीयन कराने और पुराने कार्ड का नवीनीकरण कराने पहुंचे।

इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर व राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक श्रमिक के लिए सबसे जरूरी है उसका पंजीयन और पंजीयन का जीवित रहना। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि श्रमिक कार्ड सिर्फ एक कार्ड नहीं है, बल्कि मजदूर परिवार के लिए सुरक्षा कवच है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। इसी कार्ड के जरिए शासन की कई जनहितकारी योजनाओं का लाभ मिलता है। श्रमिक पंजीयन से मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी। प्रसूति सहायता, मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता सहित कई योजनाओं से संबंधित मिलने वाले लाभ के बारे में बताया।

उन्होंने कहा -कई बार ग्रामीण पंजीयन तो करा लेते हैं, पर समय पर नवीनीकरण नहीं कराते, जिससे पंजीयन मृत हो जाता है और योजना का लाभ उन्हें नहीं मिल पाता है।

शिविर मंे पायल व विश्वविजय ने एक-एक ग्रामीण से उनकी बातों को सुना और अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र श्रमिक पंजीयन से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, इसके लिए पंचायत स्तर पर ही ऐसे शिविर लगाए जा रहे हैं।

इस दौरान पंचायत भवन में अविनाश कुशवाहा, दिगम्बर यादव, श्रीधर केशरी, प्रिंस चौबे, मटुक दास महंथ, आगर साय राजवाड़े, मुन्ना सिंह, गौतम कुशवाहा, जनपद सदस्य, सरपंच, पंच, सचिव सहित अन्य मौजूद रहे। शिविर में महिलाओं की भागीदारी अधिक देखी गई।

 अंत में युवा आयोग अध्यक्ष ने सभी से अपील की, वे अपना पंजीयन जीवित रखें और दूसरों को भी इसके फायदे के बारे में बताएं, ताकि कोई भी मजदूर परिवार शासन की योजनाओं से वंचित न रहे।


अन्य पोस्ट